कोरोना संकट के दो साल के बाद राँची शहर में श्री रामजन्मोत्सव की खुशियाँ दिख रही है. इस खुशियों को और भी भव्य बनाने में श्री महावीर मंडल जोर शोर से लगा हुआ है. इस वर्ष संकट मोचन हनुमान मंदिर के समीप झांकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जायेगा. श्री महावीर मंडल रांची महानगर अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने इस सम्बन्ध में प्रेस वार्ता कर बताया कि रांची महानगर के अंतर्गत आने वाले सभी महावीर मंडल के द्वारा बनाई गई झांकियां इस प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगी एवं विशेष रूप से बनाई गई झांकियां को श्री महावीर मंडल रांची महानगर विशेष पुरस्कार से सम्मानित करेगी. प्रथम पुरस्कार स्वरूप 25,000 रुपया एवम एक बड़ी सी शील्ड, द्वितीय पुरुस्कार में नगद 21 हजार रुपया के साथ एक शील्ड एवं तृतीय पुरस्कार स्वरूप 11000 रूपये एवम शील्ड प्रदान करने की घोषणा की गयी. विशेष एवं आकर्षक ताशा पार्टी को भी प्रथम 11,000 रुपया नगद द्वितीय 5100 रुपया तृतीय ₹3100 रुपया उत्कृष्ट पुरस्कार दिया जाएगा. साथ ही श्री महावीर मंडल रांची महानगर के द्वारा अपने मंच से पगड़ी एवं तलवार भेंट कर रांची के शहर के गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित करेगी.
गणमान्य होंगे शामिल
इस हेतु आमंत्रण राज्यपाल, मुख्यमंत्री , सांसद विधायक ,मेयर, डिप्टी मेयर सामाजिक एवं धार्मिक प्रशासनिक चेंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों को सम्मानित करने हेतु आमंत्रण भेजा गया है. श्री महावीर मंडल रांची महानगर के मंच एवं शोभायात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र छाबड़ा ग्रुप धनबाद के द्वारा चलित भजन मंडली एवं कोलकाता से आए हुए नृत्य नाटिका का प्रदर्शन भी किया जाएगा एवं विशेष पुरस्कार हनुमान जी के स्वरूप में आए कलाकारों को दिया जाएगा शील्ड सहित रांची के कुछ विशेष दुकानदारों का गिफ्ट वाउचर प्रदान किया जाएगा एवं मुंबई से आए कलाकार के द्वारा हनुमान जी की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की जाएगी.
महावीर मंडल खूंटी के पदाधिकारियों पर हुआ एक तरफा केस ख़त्म करें प्रशासन
रांची महानगर महामंत्री मुनचुन राय ने कहा कि महानगर द्वारा आयोजित होने वाली महा अष्टमी और महानवमी की शोभायात्रा जैसे होती है वैसे होगी परंतु महावीर मंडल के सभी अखाड़े के पदाधिकारी काला बिल्ला लगाकर खूंटी में हुई घटना का विरोध करेंगे और प्रशासन से आग्रह करेंगे कि वहां महावीर मंडल के पदाधिकारियों पर एक तरफा केस जिस प्रकार किया गया है उसे हटाकर और हर्ष उल्लास से खूंटी की भी शोभायात्रा निकाली जाए. हम रांचीवासी हर्षोंल्लास से महावीर मंडल की महा अष्टमी एवं महानवमी की शोभायात्रा में सम्मिलित होंगे परंतु बगल के हमारे भाई खूंटी में शोभायात्रा नहीं निकालेंगे यह हमारे लिए बहुत ही दुख की बात है और इस दुख की घड़ी में हम उनके साथ हैं और रांची के सभी अखाड़े धारी काला बिल्ला लगाकर इसे व्यक्त करेंगे. प्रेस वार्ता में संरक्षक रामधन बर्मन ,शेखर शरण, संयोजक डॉक्टर दिलीप सोनी,रमेश बाली,रोहित सारदा, संजय सोनी ,अमरिंदर सिंह पप्पू , नवजोत अलग,रवि प्रकाश टुन्ना ,ललित चौधरी,सतीश सिन्हा , सनी साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

