कांग्रेस विधायक अम्बा प्रसाद ने झारखण्ड विधानसभा के बजट सत्र में देवघर घटना का जिक्र किया. SDO पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया. मामले की जांच कराने की मांग की. मुख्य सचेतक विरोधी दल व बोकारो विधायक विरंची नारायण ने समर्थन किया. विरंची नारायण ने कहा कि अम्बा प्रसाद के साथ मंदिर परिसर में दुर्व्यवहार सभी विधायकों के दुर्व्यवहार के समान है. सदन में विधायकों की मांग को ध्यान में रखते हुए विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्रनाथ महतो ने संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर अलाम को कहा कि अधिकारियों का बहुत मन बढ़ गया है. अधिकारी के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाए. जिसपर मंत्री आलमगीर अलाम ने मामले की जांच कर करवाने की बात कही.
अम्बा प्रसाद ने सदन में देवघर की घटना की जानकारी देते हुए कहा कि भीड़ में महिलाओं की स्थिति ठीक नहीं थी. कई महिलाएं भीड़ में फंसी हुई थीं, ऐसे में वो उनसे मिलना चाहती थीं. जब महिलाओं के साथ भीड़ में दुर्व्यवहार की बात सामने आई तो एक महिला के साथ-साथ जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने SDO से बात करनी चाही. SDO को जब इसकी सूचना दी गई तब उन्होंने आने से इंकार कर दिया और उल्टे SDO ने मुझे आने को कहा, इतना ही नहीं मंदिर परिसर में उनके साथ दुर्व्यवहार भी हुआ.

