ससुराल पक्ष से पीड़ित एक व्यक्ति ने अपनी दादी के साथ आत्महत्या कर ली. मंगलवार को उनके घर पर दोनों की लाशें मिली. मामला प्रयागराज के ढोकरी गाँव की है. प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ढोकरी गांव के एक मकान में अरविंद मौर्य (40) और उनकी दादी ललिता देवी (80) मृत पाए गए. ललिता देवी (80) मृत अवस्था में तख्त पर पड़ी थीं, वहीं घर के आंगन में अरविंद मौर्य फंदे से लटके मिले. उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर नौ पेज का सुसाइड नोट मिला है, इसमें पत्नी समेत कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि मृतक अरविंद की पत्नी का किसी के साथ अवैध संबंध था, इसके साथ ही इनका घरेलू विवाद काफी दिनों से चल रहा था. उन्होंने बताया कि वह ससुराल पक्ष से काफी अधिक पीड़ित एवं प्रताड़ित थे जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया है. एसएसपी ने बताया कि अरविंद की दादी ललिता देवी के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं हैं, इसलिए संभव है कि उन्हें कोई नशीली दवा या जहरीला पदार्थ दिया गया हो. अधिकारी ने बताया कि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट से ये सारी बातें साफ हो जाएंगी. सुसाइड नोट में जो बातें लिखी हैं और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

