झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायकों ने शुक्रवार को जमकर हंगामा किया. साहिबगंज में हुई नाव दुर्घटना के पीछे पत्थर तस्करी का कारण बताते हुए जांच की मांग की. कई लोगों के लापता हो जाने के मुद्दे पर शुक्रवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ. विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही करीब आधा घंटा बंद करनी पड़ी.
भाजपा के विरंची नारायण ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही इस मुद्दे को उठाया. कहा कि साहिबगंज में गंगा नदी के माध्यम से अवैध रूप से पत्थर का परिवहन किया जा रहा हैं. पत्थर को लेकर बिहार जा रहे पांच ट्रक गंगा नदी में डूब गए हैं और 3 दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत की आशंका है. तत्काल राहत तथा बचाव कार्य करने तथा मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की. उन्होंने साहेबगंज के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भी निलंबित करने की मांग की.
भाजपा के विधायक अनंत कुमार ओझा ने गंगा नदी में ओवरलोडेड ट्रकों को मालवाहक जहाज पर परिचालन के जांच की मांग की. पूछा की आखिर किसकी अनुमति से रात के अँधेरे में इस प्रकार ट्रकों का परिचालन हो रहा था. पुरे मामले की सीबीआई जांच की भी मांग की.
झामुमो के लोबिन हेंब्रम ने भी तुरंत अवैध धंधेबाजों पर कार्रवाई करने की मांग की. घटना पर चिंता जताते हुए कहा वे पहले से ही अवैध खनन और अवैध परिचालन के मुद्दे को उठाते रहे हैं लेकिन इसके बावजूद इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से पत्थर खनन और चोरी का काम जारी है, जिससे राजस्व का नुकसान हो रहा है. सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए.
संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने बताया इस पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है और दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

