पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में बड़े पैमाने पर धड़ल्ले से अवैध माइंस चलाए जाने के अलावा स्टोन चिप्स, पत्थर की धुलाई में जमकर वसूली की जा रही है. जल, जंगल व जमीन के नाम पर सत्ता पाने वाली हेमंत सोरेन की सरकार ने राज्य को लूटने का काम किया है . बाबूलाल मरांडी साहिबगंज रेलवे स्टेशन परिसर में भाजपा के महाधरना को सम्बोधित कर रहे थे. प्रदेश भाजपा के आह्वान पर राज्य की चौपट कानून व्यवस्था,खजिन सम्पदा की लूट, अवैध वसूली,भ्रष्टाचार आदि के खिलाफ शनिवार को महाधरना प्रारम्भ हुआ. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राजमहल विधायक व पूर्व प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा, प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू , प्रदेश एससी मोर्चा के अध्यक्ष रामकुमार पाहन समेत संताल परगना के विभिन्न जिलों से पहुंचे पार्टी के कई विधायक व नेता सम्मिलित हुए.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि पूरे राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है. वगैर रिश्वत दिए छोटा से छोटा काम कराना भी अब झारखंड में संभव नहीं है . राजमहल विधायक अनंत ओझा ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार को राज्य के विकास व तरक्की से कोई लेना देना नहीं है. पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चौपट है . खनिज संपदा की खुलेआम लूट हो रही है. भ्रष्टाचार और अफसरशाही चरम पर पहुंच गई है . सत्ता में शामिल लोग ठेका-पट्टा मैनेज करने में लगा हुआ है.
मंच संचालन भाजपा के जिला महामंत्री कुशमाकर तिवारी कर रहे हैं. मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव, सूर्या हांसदा,रेणुका मुर्मू, सिमन मालतो, ओबीसी प्रकोष्ठ की नेत्री कृष्णा महतो, जिला प्रभारी राजेश झा, वरीय नेता गणेश प्रसाद तिवारी, साहिबगंज जिलाध्यक्ष रामदरश यादव, उपाध्यक्ष रामानंद साह आदि थे.

