यूपी के फतेहपुर तेलियानी ब्लॉक से गजब बात हो गयी. स्वास्थ्य मेला में वास्तविक में जो ब्लॉक प्रमुख है उसकी जगह किसी और की तस्वीर कार्यक्रम के बैनर में लगवा दिया गया. इतना ही नहीं उस अन्य व्यक्ति को मंच पर भी स्थान दिया गया. मामला जब प्रकाश में आया तब हडकम्प मच गया. डीएम अपूर्वा दुबे ने कहा महिला ब्लाक प्रमुख के स्थान पर किसी दूसरे को बैठाना, उसका नाम लिखवाना गंभीर मामला है. इसकी जांच होगी. दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी अपना पल्ला झाड़ते या दुसरे पर मामला फेंक रहे है.
जानकरी के अनुसार सराय शहजादा गांव की पुष्पा देवी तेलियानी ब्लाक की प्रमुख हैं. बुधवार को पीएचसी तेलियानी का स्वास्थ्य मेला था. मंच पर जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह के साथ भाजपा नेता अभिषेक त्रिवेदी के साथ सीएमओ व अन्य अफसर बैठे थे. ब्लाक प्रमुख तेलियानी की जगह अभिषेक का नाम लिखा था. अफसरों के संबोधन में भी ब्लाक प्रमुख के रूप में उन्हीं का नाम लिया गया. जब वास्तविक ब्लॉक प्रमुख पुष्पा देवी को तलाशा गया तो वे गांव में तपती धूप में गेहूं काटती मिलीं. उन्होंने कहा कि न तो उन्हें इस कार्यक्रम की जानकारी दी गई न निमंत्रण मिला. मुझे ब्लाक प्रमुख बनने के बाद से आज तक कोई सूचना नहीं दी गई. मैंने ब्लाक का कोई काम नहीं किया है. अफसरों से इस बाबत पूछने के बाद से हड़कंप मचा है.
ब्लॉक प्रमुख को लेकर कार्यक्रम में इतनी बड़ी चुक पर अधिकरी एक दुसरे पर फेंका फेंकी कर रहे है. पीएचसी तेलियानी के एमओआईसी डा.अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि बीडीओ से प्रमुख का नंबर लेकर आमंत्रण दिया था. मुझे जानकारी नहीं थी कि ब्लाक प्रमुख कौन हैं. कार्यक्रम में बड़ी चूक हुई है. किसी को अपमानित करने का इरादा नहीं था.
तेलियानी के बीडीओ विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने मुझसे न प्रमुख का नंबर लिया न नाम पूछा. पुष्पा देवी ही ब्लाक प्रमुख हैं, लेकिन बैनर में अभिषेक त्रिवेदी का नाम किसने अंकित कराया, मंच पर किसे बैठाया, यह मुझे नहीं पता है.

