गिरिडीहः घोड़थंभा ओपी क्षेत्र के खोरीमहुआ-कोडरमा मेन रोड स्थित डोरंडा में मंगलवार को सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला सड़क किनारे अपनी नईजेसीबी की पूजा कर रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने जेसीबी और महिला को टक्कर मार दिया। जेसीबी करीब 50 फीट पीछे तक चला गया और एक सवारी वाहन से टकरा गया। हादसे के बाद लोगों ने ट्रक ड्राइवर को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों के अनुसार, ड्राइवर शराब के नशे में था।
मृतक महिला की पहचान सदानंद राय की की पत्नी मंजू देवी (40) के रूप में की गई। सदानंद राय के पास पहले से एक जेसीबी है। सोमवार को उन्होंने दूसरी नई जेसीबी खरीदी थी। मंगलवार की सुबह घर के परिजन सड़क किनारे खड़े जेसीबी की पूजा कर रहे थे और इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। इस हादसे में जेसीबी से टकराया सवारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

