हजारीबाग में हाथियों का उत्पात जारी है. बुजुर्ग दंपति के बाद एक महिला को हाथियों के दल ने मार डाला. मृतका कुलेश्वर महतो की पत्नी गुलाबो देवी चरही की चनारो पंचायत की रहने वाली थी. सोमवार को महिला चीची गांव के निवासी सेवानिवृत्त पंचायत सेवक भुनेश्वर महतो के घर शादी समारोह में गई थी. वहां से रात को गांगो महतो के साथ घर लौट रही थी. तभी झुंड से बिछड़े दो हाथी सामने पहुंच गए. हाथी को देखकर गांगो भाग निकला. पर गुलाबो देवी हाथियों की चपेट में आ गयी. हाथियों ने उसे कुचल डाला.जिससे उसकी मौत तत्काल हो गई.
घटना की जानकारी चरही वन विभाग के पदाधिकारियों को दी गई. वन विभाग के अनिल कुमार, नितेश रजवार, विकास कुमार राम, विकास उरांव, शैलेंद्र कुमार और विनोद सिंह मृतक के घर पहुंचे और इसकी जानकारी ली. सभी पदाधिकारियों ने कहा कि मृतक के परिजनों को मुआवजे के तौर पर चार लाख रुपया दिया जाएगा. साथ ही टॉर्च की भी व्यवस्था की जाएगी. वर्तमान में मुआवजे के तौर पर मृतक के परिजन को 50,000 रुपया नगद दिया गया. बाकी के 3 लाख 50 हज़ार रुपया सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जून-जुलाई के अंदर भुगतान कर दिया जाएगा. मृतक महिला के दो पुत्री और 1 पुत्र हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया. इधर झुंड से बिछड़े दोनों हाथियों ने चुरचू निवासी बेंजुल मुर्मु और पन्दना टांड निवासी चुन्नू किस्कु के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया.

