पश्चिम बंगाल के बीरभूम के रामपुरहाट में हुई आगजनी की घटना पर कलकत्ता हाई कोर्ट के तेवर सख्त दिखे. कोर्ट ने ममता बनर्जी सरकार को 24 घंटे के भीतर स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कहा है कि मौके पर सबूत नष्ट नहीं होने चाहिए. कलकत्ता हाई कोर्ट ने रामपुरहाट इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए हैं. कोर्ट ने यह भी कहा कि दिल्ली में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला से एक टीम आगजनी की घटना के दृश्य से नमूने एकत्र करने के लिए भेजी जाएगी.
बता दें की बीरभूम हिंसा में आठ लोगों की मौत हो गई थी. बुधवार को जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने अपने निर्देश में कहा कि कोई सबूत नष्ट न होने दें. जिला अदालत और राज्य के डीजीपी को हर ग्रामीण और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही. लंबित पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए.

