रांची : हाई स्कूल शिक्षक बनने की आस लगाये युवाओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य के हाइस्कूलों में शिक्षकों के 14 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. राज्य के 510 प्लस टू विद्यालयों में भी शिक्षकों की नियुक्ति की जायेगी.
स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग ने हाइस्कूल शिक्षक नियुक्ति नियमावली में संशोधन किया है. संशोधन के प्रस्ताव को कार्मिक,वित्त एवं विधि विभाग को भेजा गया था. तीनों विभागों से नियमावली को सहमति मिल गयी है. नियमावली स्वीकृति के लिए कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा. नियमावली को विधि विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद प्लस टू शिक्षक नियुक्ति नियमावली को भी कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजा जायेगा. अभ्यर्थियों को झारखंड से मैट्रिक व इंटर की परीक्षा पास होना अनिवार्य होगा.
बताते चले कि राज्य के हाइस्कूलों में शिक्षकों के 25169 पद सृजित हैं. जिनमें से 14 हजार पद रिक्त हैं. नियुक्ति के लिए परीक्षा झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ली जायेगी. नियमावली में किये गये संशोधन के अनुरूप अब हाइस्कूल शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को झारखंड से मैट्रिक और इंटर की परीक्षा पास होना अनिवार्य होगा.

