हजारीबाग के चलकुशा प्रखंड की खरगु पंचायत के बेडमक्की में हाथियों ने पति-पत्नी की जान ले ली. मृतकों के नाम भिखलाल पंडित (60) और उनकी पत्नी शांति देवी (55) बताये जाते है. हाथी के हमले में दंपति की मौत के बाद रेंजर आनंद कुमार सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने मृत दंपति के पुत्र को एक लाख रुपए तात्कालिक सहायता राशि के तौर पर दी. उन्होंने कहा कि आश्रित को छह छह लाख रुपए सीओ की रिपोर्ट के बाद दिए जाएंगे. ग्रामीणों के अनुसार एक सप्ताह से इलाके में हाथी उत्पात मचा रहा है.
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों गुरुवार सुबह महुआ चुनने के लिए जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान हाथी ने उनपर हमला कर दिया. इस हमले में भिखलाल की मौत मौके पर ही हो गई जबकि शांति देवी को गंभीर चोट आई. हालांकि बाद में इलाज के लिए हजारीबाग ले जाने के क्रम में विष्णुगढ़ के समीप उनकी भी मौत हो गई.

