हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य और एससी मोर्चे के उपाध्यक्ष हरमल धिमान हिमाचल के 18 बीजेपी नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और हिमाचल चुनाव के इंचार्ज सत्येंद्र जैन ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी. जैन ने सभी 18 नेताओं को पार्टी की टोपी और पटका पहनाकर उनका स्वागत किया. इस दौरान सत्येंद्र जैन ने कहा- हिमाचल प्रदेश के ये सभी नेता अरविंद केजरीवाल के विकास मॉडल से प्रभावित होकर पार्टी में आए हैं. अच्छा लग रहा है कि हिमाचल प्रदेश में कैंपेन शुरू करने के साथ ही विरोधी पार्टी के मेहनती लोग आप के विकास मॉडल से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं. सत्येंद्र जैन ने दावा किया कि आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश के करीब 1000 प्रभावी लोग आम आदमी पार्टी में शामिल होंगे. कहा कि ये लोग अरविंद केजरीवाल की विकास की राजनीति से प्रेरित हैं जो अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी में चलाया जा रहा है.

