बठिंडा: बुधवार को सुबह चीमा गांव का एक किसान जिला संगरूर से थर्मल गेट के आगे पहुंचा. कुछ देर बाद ही किसान जोगिंदर सिंह का थर्मल गेट के आगे शव मिला. शव के पास से मिली एक तख्ती पर श्री गुरुनानक देव की फोटो तले लिखा हुआ है कि थर्मल बेचने के विरोध में मैं करता हूं अपनी जिंद कुर्बान.
दरअसल सूबा सरकार की तरफ से बठिंडा की शान कहे जाने वाले थर्मल प्लांट को पुडा के हवाले किए जाने के विरोध में उस किसान ने अपनी जिंदगी गवां दी.
मृतक के बेटे कुलविंदर सिंह ने कहा कि पिता की मौत के असल कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा. वहीं भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहा के नेता शिंगारा सिंह मान अपनी जत्थेबंदी के सदस्य के शव पास से मिली तख्ती पर लिखे शब्दों को पढ़कर खुदकुशी किए जाने का दावा कर रहे हैं. मृतक किसान के बेटे कुलविंदर सिंह ने फोन पर बताया कि उसके पिता जोगिंदर सिंह चार एकड़ जमीन के मालिक थे. वह भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहा के साथ जुडा था.
मंगलवार को उसके पिता यूनियन के साथ धरना देने के लिए सुनाम गए थे. बुधवार की सुबह उसे बठिंडा पुलिस ने सूचना दी कि उसके पिता का शव थर्मल गेट के समीप बरामद हुआ है. उसने बताया कि उसके पिता कई बार घर में भी उससे बात करते थे कि श्री गुरु नानक देव के नाम पर बने थर्मल प्लांट को सरकार ने पुडा के हवाले कर बठिंडा की शान को खत्म करने के साथ गुरु के नाम को भी ठेस पहुंचाई है. कुलविंदर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले वह कुछ नहीं कह सकता है.
थर्मल को पुडा के हवाले करने के विरोध में अपनी जान कुर्बान की.
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहा के नेता शिंगारा सिंह मान और जगसीर सिंह ने कहा कि शव के पास जो तख्ती मिली है, उस पर लिखे शब्दों से आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता कि जोगिंदर सिंह ने थर्मल को पुडा के हवाले करने के विरोध में अपनी जान कुर्बान की है. दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि अब जिला पुलिस प्रशासन किसान की मौत को हार्ट अटैक से होने का बनाने के लिए जोर लगा रही है.
किसान यूनियन के उक्त नेताओं ने कहा कि मृतक किसान का मोबाइल एवं मोटरसाइकिल के अलावा किसान की खुदकुशी नोट भी पुलिस के पास है. उस बारे में पुलिस कुछ भी नहीं बता रही. किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि सरकार दस लाख रुपये मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे. इसके अलावा सरकार थर्मल को पुडा के हवाले करने के निर्णय को वापस ले.
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना थर्मल प्रभारी एसआई बलविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस को सिर्फ किसान का शव बरामद हुआ है. इसके अलावा पुलिस को शव के पास से कोई तख्ती, मोटरसाइकिल या मोबाइल नहीं लिा है. उन्होंने कहा कि जोगिंदर सिंह की मौत के असल कारण के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा.

