नई दिल्ली: देश में बढ़ रही बेरोजगारी का हवाला देकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने ट्वीट कर बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पर तंज कसा.
उन्होंने कहा, ‘1 नौकरी, 1000 बेरोजगार, क्या दिया देश का हाल.’ उन्होंने एक न्यूज आर्टिकल को भी शेयर किया है. इसमें बताया गया है कि सरकारी पोर्टल पर एक हफ्ते में 7 लाख लोगों ने नौकरी के लिए आवेदन किया है.
बता दें कि राहुल गांधी इससे पहले भी देश में अर्थव्यवस्था की स्थिति और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध चुके हैं. हाल ही में उन्होंने आरोप लगाया था कि छवि सुधारने में सरकारी पैसे का उपयोग किया जा रहा है.
उन्होंने ट्वीट किया था, ‘आर्थिक गिरावट, बेरोजगारी, चीनी आक्रमकता है. सरकार करदाताओं का पैसा छवि सुधारने पर लगा रही है.’ कांग्रेस ने कहा था कि सरकार को अर्थव्यवस्था की स्थिति में सुधार और रोजगार सृजन के लिए अपनी योजना के बारे में देश को बताना चाहिए.

