दो राइफल, एक मास्केट,एक देसी कट्टा, 300 गोलियां एवं 21 डेटोनेटर भी बरामद
डरा धमका कर एवं झूठे सपने दिखाकर लोगों को संगठन में करता था शामिल
मुंगेर: पुलिस की पिछले 3 दिनों से लगातार जारी ऑपरेशन में मुंगेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली. एसटीएफ जमालपुर और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुंगेर पुलिस द्वारा एसटीएफ के सहयोग से प्रतिबंधित माओवादी संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान 8 सक्रिय माओवादी तथा दो नक्सलियों के मददगार को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार नक्सलियों में हार्डकोर नक्सली पुनीत मंडल और नक्सलियों को हथियार एवं गोलियों की आपूर्ति करने वाले पूर्व नक्सली डब्ल्यू चौरसिया की गिरफ्तारी हुई. वही इन सभी के पास से भारी संख्या में हथियार और गोलियां भी बरामद की गई. इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के एरिया कमांडर बहादुर कोटा द्वारा नए युवकों को संगठन से जोड़ने तथा हथियार एवं विस्फोटक सामग्री जमा करने की कार्रवाई हो रही थी.
गुप्त सूचना के आधार पर तत्काल विशेष छापामारी दल का गठन किया गया पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तारापुर पंकज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल में खड़कपुर थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह, संग्रामपुर थाना अध्यक्ष सर्वजीत कुमार, गंगटा थाना अध्यक्ष मजहर मकबूल, संग्रामपुर ओपी अध्यक्ष पवन कुमार, बरियारपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार रंजन, कासिम बाजार थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार, मुफस्सिल थाना अध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह को शामिल किया गया.
वहीं इस अभियान मे एसटीएफ के अभियान दल और एआरजी जमालपुर की भी मदद ली गई तथा शामपुर ओपी अंतर्गत भैंसा कोल जख राजस्थान मोड़ पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई. वहीं इस संबंध में बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के लिए विस्फोटक और अन्य घातक हथियार लेकर कुछ लोग ऋषि कुंड पहाड़ी पर आने वाले हैं और उन हथियारों तथा विस्फोटकों को नक्सली एरिया कमांडर बहादुर कोड़ा को सौंपा जाना है.
छापामारी दल का नेतृत्व कर रहे तारापुर एसडीपीओ द्वारा भाकपा माओवादी व नक्सलियों के विरुद्ध आवश्यक रणनीति बनाते हुए कार्रवाई शुरू की गई. भैंसा कोल जखराज स्थान के पास छापामारी दल में शामिल सभी पुलिसकर्मी एंबुश लगाकर बैठे रहे और नक्सली समूह के सदस्य के आने का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान डांगरा चक की ओर से कुछ लोग आते दिखे एंबुश लगाकर बैठे पुलिस और एसटीएफ के जवानों ने 8 लोगों को पकड़ा पुलिस की कार्रवाई के दौरान पुनीत मंडल,डब्लू चौरसिया, भीम तुरी, शंभू तुरी, संजय यादव, बमबम यादव, सुनील तुरी को गिरफ्तार किया गया. वही उनके पास से 315 बोर की राइफल, पॉइंट 2.2 की एक राइफल, एसएलआर की गोलियां, थ्री नॉट थ्री बोर की गोलियां, एसएलआर की दो मैगजीन, एक मास्केट, एक देसी कट्टा, 1 सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, 200 मीटर डेटोनेटर की तार, सफेद रंग का संदिग्ध पाउडर और भाकपा माओवादी संगठन का लेटर पैड बरामद किया गया .
भाकपा माओवादी के एरिया कमांडर बहादुर कोटा के द्वारा पिछले कुछ दिनों से गतिविधियां बढ़ाई गई थी और संगठन में नए लोगों को जोड़ने तथा हथियार जुटाने की कार्यवाही चल रही थी. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि यह लोग किसी बड़ी घटनाओं को अंजाम देने की गतिविधियों रच रहे हैं. इसी दौरान पुलिस द्वारा इनकी गतिविधियां पर नजर रखी जा रही थी.
शामपुर ओपी अंतर्गत भवन साकोल जख राजस्थान के पास गिरफ्तार पुनीत मंडल और बबलू चौरसिया द्वारा बताया गया कि डब्ल्यू चौरसिया के घर पर भी कुछ हथियार रखा हुआ है.इसके बाद डब्ल्यू चौरसिया के नया रामनगर थाना अंतर्गत पाटम निवासी के घर पर भी छापेमारी की गई जहां से एसएलआर और 303 बोर की गोलियां बरामद की गई.वही इस संबंध में खड़कपुर थाना के संग्रामपुर ओपी और नया रामनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
इन अभियुक्तों की हुई गिरफ्तारी-डांगरा चक थाना खड़कपुर सामपुर निवासी पुनीत मंडल, बडईचक पाटन थाना नया रामनगर निवासी नित्यानंद चौरसिया उर्फ बबलू चौरसिया व अमरेंद्र चौरसिया एवं गोलू चौरसिया, लोहची थाना खड़कपुर शामपुर निवासी बमबम यादव एवं संजय यादव, उभी वनवर्षा का थाना बरियारपुर निवासी कारे खैरा एवं भीम तुरी
पुनीत मंडल की गिरफ्तारी से माओवादियों की टूटी कमर
पुनीत मंडल की गिरफ्तारी से माओवादी संगठन के लिए एक बहुत बड़ा झटका है. जिससे माना जाता है कि माओवादी संगठन की कमर टूट गई. पुनीत मंडल 20 सालों से माओवादी गतिविधियों में संलिप्त रहा है. तथा हाल ही में हुए एसटीएफ के साथ मुठभेड़ मामले में दर्ज प्राथमिकी का यह नामजद अभियुक्त है, पुनीत मंडल की गिरफ्तारी से माओवादी संगठन कि जहां कमर टूटी है वही संगठन को बहुत बड़ा झटका भी लगा है. बाबा के नाम से प्रसिद्ध पुनीत मंडल का गांव में ही नहीं बल्कि पूरे खड़कपुर, बरियारपुर तथा नया रामनगर के इलाकों में काफी प्रभाव और दबदबा है.
झूठे प्रलोभन देकर लोगों को संगठन में करता था शामिल-पुनीत मंडल ने यह भी खुलासा किया है कि संगठन में नए लोगों की भर्ती की जा रही है और चुनाव से पहले बड़ी घटनाओं को माओवादियों द्वारा अंजाम दिया जाएगा. गांव में जाकर लोगों को डरा धमका कर झूठा प्रलोभन देकर और झूठे सपने दिखा कर मारक दस्ता में शामिल होने के लिए लोगों को प्रेरित करता था, उक्त बातें जिला पुलिस के अलावा एसटीएफ के पूछताछ में पुनित मंडल ने कही.
पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान इन सामानों की हुई बरामदगी-एसएलआर की 231 गोलियां,.303 की 53 गोलियां, इंसास राइफल की 1 गोलियां,.315 की 10 गोलियां, एके-47 की एक गोली, 21 पीस डेटोनेटर, .315 की एक राइफल,.21 की एक राइफल, एक मास्केट, एक देसी कट्टा, एसएलआर की दो मैगजीन, 7.65 बोर की एक पिस्टल व 6 गोली, 220 मीटर डेटोनेटर की तार, 7 मोबाइल, एक विंडोलियो और 15 नक्सली लेटर पैड.

