दिल्ली: कोरोना वायरस का संक्रमण देश में लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन इस बीच राहत की खबर है कि कोविड-19 से रिकवरी रेड भी बढ़ा है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 1074 लोग ठीक हुए हैं और इसके बाद देश में कोरोना वायरस से रिकवरी रेट 27.52 हो गया है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, “देशभर में अब तक 11,706 लोग ठीक हो चुके हैं. पिछले 24 घंटों में 1074 लोग ठीक हुए हैं और यह आज तक नोट किए गए ठीक हुए रोगियों के मामले में सबसे अधिक संख्या है. हमारी रिकवरी रेट अब 27.52 प्रतिशत पहुंच गई है.”
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, “पिछले 24 घंटे में देशभर में 2553 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या 42533 पहुंच गई है और कोरोना से मरने वालों की संख्या 1373 हो गई है.”
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देशभर में अब तक कोरोना वायरस के 42533 के मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 1373 लोगों की मौत हो चुकी है. कोरोना वायरस से अब तक 11706 लोग ठीक भी हुए है और एक व्यक्ति देश से बाहर चला गया है. अब देश में कोरोना वायरस के 29453 एक्टिव केस मौजूद हैं.

