रांची: झारखंड की राजधानी रांची और लौह नगरी जमशेदपुर में गुरुवार को तेज हवा के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. राजधानी रांची में करीब छह डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट दर्ज होने से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिली है और मौसम पूरी तरह से सुहाना हो गया है.
राजधानी रांची में आज दोपहर बाद हुई हल्की बारिश हुई और आज का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जबकि बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्यियस रिकॉर्ड किया गया था. वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से गिर कर आज 27 डिग्री पर आ पहुंचा है और कई इलाके में अच्छी बारिश हुई. जबकि पिछले तीन-चार दिनों से हीट वेब से परेशान पलामू प्रमंडल के लोगों को भी आज थोड़ी राहत मिली. डालटनगंज का आज अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रहा, जबकि कल डालटनगंज का पारा 43.8 डिग्री था और लोग भीषण गर्मी से परेशान थे.
मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले तीन-चार दिनों में राज्य भर के अधिकांश जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना है. वहीं कुछ स्थानों पर वज्रपात भी हो सकती है. इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.