नई दिल्ली: कोरोना वायरस और लॉकडाउन के कारण देश और दुनिया भर में फंसे प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने का सिलसिला जारी है. वहीं प्रवासियों की दुर्घटनाओं का सिलसिला भी थमने का नाम ही नहीं ले रहा है.
हाल ही में खबर आई है कि भारतसे प्रवासी श्रमिकों को लेकर लौट रही एक बस दक्षिणी नेपाल के एक इलाके में दुर्घटना का शिकार हो गई. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए.
जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा रविवार को बंके जिले में हुआ जब बस सड़क किनारे खड़े किए गए एक ट्रक से टकरा गई. यह बस भारत से लौटे करीब 30 प्रवासी मजदूरों को नेपालगंज के रास्ते उनके गृह जिले सलयान ले जा रही थी. उन्होंने बताया कि सड़क पर पार्क किए गए ट्रक से बस के टकरा जाने से बस चालक समेत 11 यात्रियों की मौत हो गई और 22 लोग घायल हो गए.

