रांची: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज-III के तहत रांची के सांसद संजय सेठ ने सोनाहातू प्रखंड में 15 सड़कों को अपग्रेड करने की अनुशंसा की है. इस बाबत सेठ ने ग्रामीण विकास विभाग, झारखण्ड की सचिव आराधना पटनायक को पत्र लिखा है.
पत्र में सेठ ने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की स्थिति खराब हो चुकी है, आवागमन में ग्रामीणों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है. रांची लोकसभा क्षेत्र के सोनाहातू प्रखंड में इन ग्रामीण सड़कों का अपग्रेडेशन करना आवश्यक है, ताकि ग्रामीण जनता को आवागमन में और भी सहूलियत हो सके.
पत्र के साथ सेठ में 15 सड़कों की सूची ग्रामीण विकास विभाग को भेजी है. इन सड़कों की लंबाई लगभग 116 किलोमीटर है और इनके निर्माण में लगभग ₹76 करोड़ खर्च होने हैं.
सेठ ने कहा कि भारत के तात्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरगामी सोच थी कि आज भारत के हर गांव तक पक्की सड़क बनी है. हमारे ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत होती है. आदरणीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के उसी सपने को पूरा करते हुए वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कार्य कर रहे हैं. इसी के तहत ग्रामीण सड़कों का उन्नयन कार्य को लेकर लगातार धरातल पर योजनाएं उतर रही है.
सेठ ने बताया कि इन सड़कों के उन्नयन से ग्रामीण क्षेत्र से स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, हाट-बाजार के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को काफी सहूलियत होगी. उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत झारखण्ड में सड़क निर्माण से संबंधित और भी कई बड़े कार्य धरातल पर उतरेंगे.
इन सड़कों की हुई है अनुशंसा:
एसएच रोड बाकू से एसएच रोड टांग टांग, TO3-TO2 वाया सालबांधा चकवाडीह, मुरुतडीह से डोमनडीह वाया गलऊ, मुरुतडीह से नीमडीह वाया हितजारा, जामुदाग से जाड़ेया, बाकू से बारेंदा रोड, बारेंदा से दुलमी वाया भरांगकिरी, सोनाहातू से पूवादीरी वाया पुंदाग, दुलमीलल से स्वर्णरेखा नदी, हेसाहातू से इडकू वाया दुलमी, चौकाहातु से भुरुसडीह, TO3 से डिबाडीह, दुलमी से महुलडीह, सिल्ली चांडिल रोड से टांग टांग वाया जिलिंगसेरेंग, जड़ेया से पतराहातू, वाया तेंतला.

