बिहार: बिहार में कोरोना का कहर लगातार बरप रहा है. काफी तेज़ रफ्तार के साथ इस वायरस का संक्रमण फैलता जा रहा है. अब जो जानकारी सामने आई है. उसके अनुसार पटना के सरदार पटेल भवन स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय में पोस्टेड एक आईजी और उनकी टीम में काम करने वाले 3 डीएसपी समेत कुल 12 लोग कोरोना की जद में आ गए हैं.
टेस्ट में इन सभी का रिपोर्ट पॉजिटिव पाया गया है. इसमें एक इंस्पेक्टर और कुछ जवान भी शामिल हैं.
सोर्स के अनुसार, कोरोना के तेजी से फैलते संक्रमण के बीच लगातार यह टीम फील्ड में निकल रही थी. माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी. जब टीम में शामिल कुछ लोगों की तबियत बिगड़ी तो 15 जुलाई को कोरोना टेस्ट के लिए एक मेडिकल टीम को मुख्यालय में ही बुलाया गया था. आईजी समेत कई पुलिस वालों की जांच हुई.
17 जुलाई को टेस्ट रिपोर्ट आई और उसमें ही आईजी और उनके अधीनस्थ काम करने वाले कुछ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई.
हालांकि इस बारे में एडीजी मुख्यालय जितेंद्र कुमार से बात की गई. लेकिन रविवार होने की वजह से उनके पास डिटेल्स नहीं थे. इस कारण वो आधिकारिक तौर पर कुछ भी बता नहीं पाए.

