रांची: रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित टंकी साइड में गुरुवार की रात करीब 8.30 बजे एक महिला के द्वारा 12 साल के बच्चे का गला दबा कर हत्या करने का प्रयास का मामला सामने आया है.
बता दें कि महिला बच्चे को मरा समझ कर जब भाग गयी तो घर लौटे परिजनों ने बच्चे को बेहोश देखकर उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्त्ती कराया.
वहीं घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बच्चे का नाम विशाल है और वह अपनी मौसी के घर टंकी साइड रहता है.
रात में सूचना मिलने पर धुर्वा थाना प्रभारी राजीव कुमार वहां पहुंचे और बच्चे से पूछताछ की. बच्चे ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर में था, उस वक्त परिजन अगल-बगल में गए हुए थे. अचानक पीछे से एक महिला आई और नाड़ा से उसका गला दबाने लगी. वह गला दबाने से बेहोश होकर गिर गया.
होश आने पर बच्चे ने पूरी बात बताई.
हालांकि वह महिला को नहीं पहचान सका है. पुलिस बच्चे से पूछताछ कर रही है.

