रामगढ़: सोमवार की देर शाम पंजाब से विशेष श्रमिक ट्रेन से 1201 प्रवासी- मजदूर नागरिक रामगढ़ जिले के बरकाकाना रेलवे स्टेशन पहुंचे.
मौके पर जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा सभी प्रवासी मजदूरों- नागरिकों का स्वागत किया गया. प्रवासी मजदूरों-नागरिकों के बरकाकाना रेलवे स्टेशन पहुंचने के पूर्व पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी कीर्तिश्री सहित अन्य अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म आदि का निरीक्षण कर सभी को उनके उनके जिले भेजने हेतु की गयी व्यवस्था का पुनः निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म पर प्रतिनियुक्त किए गए दंडाधिकारीयों एवं पुलिस कर्मियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया. इस दौरान अपर समाहर्ता जुगनू मिंज ने सभी अधिकारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन एवं मास्क, सैनिटाइजर, भोजन आदि उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित रूप से सभी श्रमिकों-लोगों को अपने-अपने जिले भेजने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
प्रवासी मजदूरों नागरिकों से बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में माइकिंग की व्यवस्था की गई थी. इसके माध्यम से समय-समय पर सभी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. सभी प्रवासी मजदूरों-नागरिकों को अपने-अपने जिला भेजने हेतु जिला प्रशासन, रामगढ़ द्वारा पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था की गई थी. जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा सभी प्रवासी मजदूरों-नागरिकों को उनके वाहनों में ही पर्याप्त संख्या में भोजन, मास्क, सैनिटाइजर आदि उपलब्ध कराया गया.
पूरी प्रक्रिया के दौरान आज जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त की गई मेडिकल टीम बरकाकाना रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद रही एवं उनके द्वारा आने वाले प्रवासी मजदूरों- नागरिकों को इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई. सभी प्रवासी मजदूरों-नागरिकों के उनके जिले में पहुंचने के बाद संबंधित जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रवासी मजदूरों- नागरिकों की फिर से गहन स्क्रीनिंग की जाएगी.

