दिल्ली: कोरोना वायरस का संक्रमण देशभर में लगातार बढ़ता जा रहा है और इस बीच पिछले 24 घंटे में 3390 कोविड-19 के नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 56342 हो गई है. इसी बीच देशभर में कुल 1273 लोग ठीक हुए हैं और ठीक हुए लोगों की संख्या 16540 हो गई है, जिसके बाद रिकवरी रेट 29.36 प्रतिशत हो गया है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के ज्वाइंट सेक्रेट्री लव अग्रवाल ने बताया, “पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 3390 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं और 1273 लोग ठीक भी हुए हैं. इसके बाद रिकवरी रेट अब 29.36 प्रतिशत हो गया है. अब तक 16540 मरीज ठीक हो चुके हैं और 37916 सक्रिय मरीज चिकित्सा देखरेख में हैं.”
इसके साथ ही लव अग्रवाल ने बताया, “देश के 216 जिलों में कोरोना वायरस के कोई भी सकारात्मक मामले नहीं पाए गए हैं. 42 जिलों में पिछले 28 दिनों में कोई नया मामला सामने नहीं आया है.”
इसके अलावा उन्होंने बताया, “देश 29 जिलों में पिछले 21 दिनों में कोई नए मामले सामने नहीं आए हैं. 36 जिलों में पिछले 14 दिनों में कोई नए मामले सामने नहीं आए हैं. वहीं 46 जिले ऐसे हैं, जहां पिछले 7 दिनों में कोई नया मामला सामने नहीं आया है.”

