पेरू: कोरोना वायरस की महामारी के कारण दुनिया के कई देशों में लॉकडाउन लागू है. लॉकडाउन के नियमों के उल्लंघन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. इसी तरह की एक घटना पेरू में सामने आई है. जहां लागू लॉकडाउन का उल्लंघन कर पार्टी किए जाने की सूचना पर एक डिस्को में छापेमारी के दौरान भगदड़ मच गई.
भगदड़ की इस घटना में 13 लोगों की मौत हो गई है. समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक घटना शनिवार रात की है. अधिकारियों के हवाले से समाचार एजेंसी ने जानकारी दी है कि लीमा के थॉमस डिस्को में शनिवार की रात लॉकडाउन का उल्लंघन कर पार्टी किए जाने की सूचना मिली. गृह मंत्रालय के अधिकारियों की ओर से जानकारी दी गई है कि पार्टी करने के लिए इस डिस्को में 120 लोग एकत्रित हुए थे.
गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा है कि पार्टी किए जाने और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की तो मौके पर भगदड़ मच गई. लोग भागने की कोशिश में एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए.
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस से बचने के लिए डिस्को के दूसरे तल पर स्थित एकमात्र दरवाजे से हर कोई बाहर भागने की कोशिश करने लगा. इस कोशिश में कई लोग गिर गए और बाकी लोग उनके ऊपर से भागते रहे.

