गुजरात: गुजरात में दाहोद जिले के देवगढ़ बारिया की सब जेल से 13 कैदी फरार हो गए. घटना के बारे में गुरुवार देर रात पता चला. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, सभी कैदी 3 ताले तोड़कर जेल से भागने में कामयाब रहे. अब इनकी तलाश की जा रही है. लॉकडाउन के दौरान हुई इस घटना के बाद से कुछ पुलिसकर्मी सवालों के घेरे में हैं.
बताया जा रहा है कि, फरार होने वाले कैदी जेल परिसर के सेल नंबर-1 और सेल नंबर-3 में बंद थे. सूचना मिलने पर दाहोद के एसपी आगे की जांच के लिए मौके पर पहुंच गए हैं. क्राइम ब्रांच के कुछ अधिकारी भी सब जेल तक रवाना हो गए हैं. बहरहाल यह जांच की जा रही है कि कैदी आखिर भागने में किस तरह से कामयाब हुए. कैदियों का यूं फरार हो जाना वहां ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को संदेह के कटघरे में खड़ा कर रहा है. घटना ने जेल परिसर के बाहर पुलिस बल की मौजूदगी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अभी तक नहीं पकड़ा गया 3 महीने पहले भागा कैदी
तीन महीने पहले 2 कैदी भी इस जेल से फरार हो गए थे. उनमें से एक को पकड़ लिया गया जबकि, दूसरे का अभी तक कोई अता-पता नहीं है. वह अब तक फरार ही है. उसके बाद अब रात में यह घटना घटित हो जाने से पुलिस-प्रशासन निशाने पर आ गया है.

