रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज वाराणसी जाएंगे. वे वहां काशी विश्वनाथ का दर्शन करेंगे और गंगा घाट आरती में भाग लेंगे. बताया गया है कि हेमंत सोरेन की शादी की 13 वीं सालगिरह है और इस मौके पर पूजा अर्चना के लिए वे अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ वाराणसी की यात्रा पर जा रहे है.
मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार हेमंत सोरेन आज पूर्वाह्न 11.30 बजे रांची से वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे, जबकि शाम पांच बजे काशी विश्वनाथ मंदिर और भूतनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गंगा घाट में गंगा आरती में भाग लेंगे. वे रात्रि विश्राम आज वाराणसी में ही करेंगे, जबकि 8 फरवरी को मुख्यमंत्री मिर्जापुर स्थित विंध्याचल मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे और उसी दिन वाराणसी होते हुए रांची वापस लौट आएंगे.

