मरने के एक घंटे बाद ऑक्सीजन और स्लाइन लगा कर की जा रही थी खाना पूर्ति
चतरा: चतरा सदर अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही से बुधवार की रात एक मासूम बच्चे ने दम तोड़ दिया. परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टर राजीव रंजन इलाज के बजाय टालमटोल कर रहे थे और वह मासूम घंटो ईलाज के अभाव में अस्पताल में तड़प रहा था. बताते हैं कि जिले के हंटरगंज प्रखंड के जोरी से 14 वर्षीय प्रिंस नामक बच्चे को परिजनों ने देर शाम को सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. कहते हैं कि डॉक्टर द्वारा न ही उसका ईलाज किया गया और न ही चिकित्सक ने उसे यहां से रेफर किया. दूसरी ओर सबसे शर्मनाक बात सामने यह आई कि मरने के एक घंटे बाद ऑक्सीजन और स्लाइन चढ़ाकर उसकी खानापूर्ति की जा रही थी. वहीं दूसरी तरफ बच्चे की मौत के बाद मृतक के माँ की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है.

