रांची: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो से दो अलग-अलग नंबर से स्पूज कॉलिंग के माध्यम से 15 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गयी है और रंगदारी नहीं देने पर घर में घुस कर गोली मारने की धमकी दी गयी.
इस संबंध में सिल्ली विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित आजसू पार्टी विधायक सुदेश महतो के करीबी महेंद्र कुमार शर्मा की ओर से रांची के गोंदा थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी. जिसमें यह बताया गया है कि 14 अगस्त की रात को 9.30 बजे से 10.15 बजे के बीच दो अलग-अलग नंबर से कॉल आये और मोबाइल फोन कॉल से सुदेश महतो से 15 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गयी.
पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है, पहले नंबर का अंतिम चार अंक 8536 और दूसरे नंबर का अंतिम चार अंक 0986 है. पुलिस ने दोनों नंबरों की जानकारी जुटा रही है. शुरूआती छानबीन में पता चला है कि दोनों नंबर जमशेदपुर के हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रूकॉलर में पहला नंबर इमरान खान और दूसरा नंबर सलमान खान बताया जा रहा है, पुलिस जब दोनों मोबाइल नंबर के मालिक तक पहुंची चौंकाने वाली जानकारी मिली. दोनों नंबरों का इस्तेमाल स्पूफ कॉल के जरिए किया गया है.
पूर्व उपमुख्यमंत्री से रंगदारी मांगने वाले अपराधी बहुत शातिर हैं. वे आधुनिक तकनीक का दुरूपयोग करने में महारत हैं, अपराधियों ने स्पूफ कॉल के जरिए रंगदारी मांगी, ताकि वे किसी और को फंसा के आसानी से बच जाएं.

