रांची. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने अर्बन नक्सलवाद के नाम पर महाराष्ट्र के भीमा कोरेगांव मामले में फादर स्टेशन स्वामी को हिरासत में लिये जाने की कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है.
डॉ. उरांव ने कहा कि केंद्र सरकार अर्बन नक्सलवाद के नाम पर देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले बुद्धिजीवियों को प्रताड़ित करने की कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि फादर स्टेशन स्वामी 25वर्षां से रांची में रहकर जनजातीय समुदाय के उत्थान में जुटे है,ऐसे में अर्बन नक्सलवाद के नाम पर उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है.
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले भी भीमा कोरेगांव मामले में भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के इशारे पर महाराष्ट्र पुलिस द्वारा स्टेन स्वामी के घर कई बार छापेमारी कर चुकी है, बार-बार इस तरह की कार्रवाई से कई सवाल खड़े होते है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि केंद्र सरकार जिस तरह से विभिन्न जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है, वह सर्वविदित है, जल्द ही अदालत से न्याय मिलने की उम्मीद है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने के साथ ही संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को कम किया जा रहा है, इसका परिणाम आने वाले समय में देश की जनता को भुगतना पड़ेगा.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार मूल समस्याओं की ओर से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है, लेकिन जनता अब सबकुछ समझ गयी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी.

