मेदिनीनगर : पलामू जिले में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के पद पर नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिया गया. सांकेतिक रूप से आज चार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया. लिखित परीक्षा, स्थानीयता, दैनिक वेतन भोगी का कार्यानुभव एवं उम्र की अधिमानता का प्राप्तांक के आधार पर 10 अक्टूबर 2020 को संपन्न जिला स्थापना समिति की बैठक में लिए गए निर्णयानुसार चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के पद पर नियुक्ति हेतु चयनित- प्रकाशित पैनल में से अभ्यार्थियों को पलामू समाहरणालय अंतर्गत चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के पद पर पे बैंड 5200- 20200 लेवल-1, मासिक वेतन मान 18000 एवं अन्य अनुमान्य भत्ते पर योगदान की तिथि से अस्थाई रूप से नियुक्त किया गया है.
अभ्यर्थियों के लिए शर्त रखा गया है कि अभ्यर्थियों की सेवा किसी भी समय बिना सूचना- बिना कारण बताए समाप्त की जा सकती है. वेतन के अतिरिक्त इन्हें सरकार द्वारा समय-समय पर स्वीकृत अन्य भत्ते भी अनुमान्य होगा. इन्हें प्रथम योगदान हेतु किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा.
अभ्यर्थियों को आदेश दिया गया है कि असैनिक शल्य चिकित्सक-सह- मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी पलामू से स्वयं के स्वस्थ होने का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र तथा शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, सभी मूल रूप में जिला स्थापना शाखा में योगदान के साथ देना सुनिश्चित करेंगे. योगदान के समय इन्हें इस आशय का शपथ पत्र भी देना होगा कि उनके द्वारा समर्पित सभी प्रमाण पत्र कागजात एवं दी गई सूचना सही है. यदि भविष्य में जांच के क्रम में समर्पित किया गया कोई भी प्रमाण पत्र कागजात सूचना गलत पाई जाती है, तो उनकी नियुक्ति रद्द करते हुए उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नियुक्ति सरकारी सेवक योगदान के समय इससे आशय का भी शपथ पत्र समर्पित करेंगे कि उनके द्वारा शादी विवाह में दहेज का लेन-देन नहीं करेंगे.
पलामू उपायुक्त ने नियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी. साथ ही ईमानदारी पूर्वक बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया.
