छापेमारी में 94 बोरा खाद्यान्न किया गया ज़ब्त
रांची.खाद्यान्न की कालाबाजारी करने पर टाटीसिलवे थाना अंतर्गत ग्राम सिल्वे मानकी ढीपा की रहने वाली अंजू देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. उपायुक्त, रांची एवं अनुमंडल पदाधिकारी रांची के निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रांची शब्बीर अहमद एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी नामकुम ज्ञान शंकर जायसवाल द्वारा संयुक्त छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान मानकी ढीपा की अंजू देवी पति रामदास महतो के घर से कालाबाजारी की नीयत से अवैध रूप से रखे गए 93 बोरा चावल और 1 बोरा गेहूं जब्त किया गया.
भारतीय खाद्य निगम के गोदाम के समीप स्थित अंजू देवी के निजी आवास में एफसीआई के जूट के 48 तथा प्लास्टिक के 45 बोरे में चावल और एफसीआई के एक जूट के बोरे में गेहूं रखा पाया गया.
टाटीसिलवे थाना में अंजू देवी के खिलाफ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नामकुम शंभू नारायण विद्यार्थी एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, रांची राकेश वर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई है.

