चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय शहर चाईबासा स्थित पुलिस लाइन केंद्र में आज पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर अपने कर्तव्य के दौरान सर्वस्व बलिदान करने वाले तमाम वीर जवानों के शहादत को नमन करते हुए पुलिस केंद्र स्थित अमर जवान स्मारक पर सिंहभूम(कोल्हान) के पुलिस उपमहानिरीक्षक राजीव रंजन सिंह, सीआरपीएफ के डीआईजी हनुमंत रावत, पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा अजय लिंडा के द्वारा श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया. वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नाथू सिंह मीणा, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडे सहित जिले के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे. इस दौरान पुलिस केंद्र में उपस्थित शहीदों के परिजनों को वरीय पदाधिकारियों के द्वारा सम्मानित करते हुए उन्हें शॉल प्रदान कर उन लोगों के जीवन में आ रही समस्याओं-शिकायतों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर पदाधिकारियों के द्वारा तत्काल हल होने वाले शिकायतों का निराकरण भी किया गया तथा परिजनों को आश्वस्त किया गया कि चाईबासा पुलिस परिवार सदैव आप सभी के सहयोग के लिए तैयार है.

