रांची:- झारखंड में गिरिडीह और जामताड़ा जिले से पुलिस ने 18 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.
गिरिडीह जिले की गांडेय थाना पुलिस ने 4 साइबर अपराधियों को आज गिरफ्तार किया है . प्रशिक्षु आइपीएस सह गांडेय थाना प्रभारी हरीश बीन जामा ने आज प्रेस कांफ्रेंस के बताया कि दो अपराधी जामताड़ा जिला से और दो गांडेय से अपराध करते हुए पकड़े गए हैं . इनके पास से 6 मोबाइल जप्त किया गया है . उन्होंने बताया कि ये लोग बैंक अधिकारी बनकर फोन करते थे . बल्क मात्रा में एसएमएस करते थे . उन्होंने बताया कि अपराधियों ने फ़्रॉड करने के नए नए तरीके ईजाद कर लिये है .
इधर, जामताड़ा जिले में साइबर थाना की पुलिस ने गुरुवार को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 14 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया. इनमें पिंडारी फाटक के समीप से मुरलीडीह के महेंद्र कुमार मंडल व कोड़राटांड़ गांव के संतोष मंडल समेत 12 अन्य शामिल हैं. महेंद्र मंडल हैदराबाद के एक और संतोष कुमार मंडल जामताड़ा में हुए दो साइबर अपराध मामले में जेल जा चुके हैं. पुलिस ने वर्ष 2019 में संतोष मंडल के घर से एटीएम क्लोनिंग मशीन भी जब्त किया था. इन दोनों साइबर अभियुक्तों का संपत्ति की जांच की जा रही है. इनके पास से 2 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड, 1 चेकबुक, 1 बैंक पासबुक, 1 बाइक व 1 कार जब्त किया है.सपी दीपक कुमार सिन्हा ने बताया कि साइबर डीएसपी सुमित कुमार व थाना प्रभारी सुनील चौधरी के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान नवाडीह गांव के इस्माइल अंसारी व बरियारपुर गांव के फिरोज अंसारी को बरियारपुर टांड़ से गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 4 मोबाइल फोन, 7 सिम व 1 एटीएम कार्ड बरामद किया गया. जबकि युसूफ अंसारी और सलामत अंसारी भाग निकले.साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सामुपोखर गांव से सूरज मंडल (जियालजोरी गांव), चंदन कुमार सिंह (जीयनपुर गांव) व पुरुषोत्तम कुमार सिंह उर्फ राजा सिंह (जीयनपुर गांव), सामुपोखर गांव से मुकेश कुमार, निमाई महतो, तरुण महतो, कार्तिक महतो, जोतिन महतो, मधुसूदन गोराई व जीतेन गोराई को गिरफ्तार किया है. इनके पास 14 मोबाइल सेट व 22 सिम कार्ड जब्त किया है. पुरुषोत्तम कुमार सिंह उर्फ राजा सिंह साइबर अपराध मामले में 2019 में जेल जा चुका है.

