लोहरदगा: लोहरदगा जिला में बगडू थाना क्षेत्र के लावागाई से जोरी आने जाने वाली सड़क पर पुलिया के पास खेत में एक 18 वर्षीय युवती का शव मिला है. गला दबाकर हत्या करने की बात प्रथम दृष्टया सामने आई है. मृतका की पहचान नहीं हो पाई है. मौके पर लोहरदगा और सदर थाना पुलिस पहुंच कर जांच पड़ताल कर रही है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार युवती की लाश लावागाई से जोरी आने-जाने वाली सड़क पर पुलिया के पास खेत के बीच मिली. सूचना पर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई. युवती की कहीं और हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका जाहिर की जा रही है.
बताया गया है कि सुबह जब लोग खेत में पहुंचे तो अचानक उनकी नजर धान की फसल के बीचों-बीच पड़ी युवती की लाश पर गई. मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है. इस क्षेत्र में सोमवार की रात और आज सुबह बारिश हुई थी. शव बारिश के पानी से पूरी तरह भीगा हुआ था. पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या करने की बात सामने आई है. फिलहाल, पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के इंतजार में है और युवती की पहचान करने में जुटी हुई है.

