श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। छोटे- बड़े मंदिर और आसपास सफाई व्यवस्था रखी जाएगी। कार्यक्रम में करीब 1200 कलाकार भाग लेंगे। मुख्य मंच के अलावा 12 छोटे मंच बनाए जाएंगे। डिस्प्ले, एलइडी आदि की व्यवस्था की जाएगी। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में जन्माष्टमी की व्यवस्था से संबंधित बैठक ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जन्माष्टमी के कार्यक्रमों के लिए रामलीला मैदान का निरीक्षण किया।
पुलिस महानिरीक्षक ए सतीश गणेश ने सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी निश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि क्षेत्रवार जिम्मेदारी नियुक्त की जानी चाहिए। जन्माष्टमी के लिए जिन बसों से कलाकार लाए जाएंगे, उन पर बैनर के साथ पुलिस कर्मी भी मौजूद रहेंगे। मुख्य आयोजन स्थल रामलीला मैदान पर प्रस्तावित है। राधाकृष्ण की झांकी, रंगोली, चित्रकला, घाटों के मार्गों पर सजावट, छोटे मंचो का निर्माण, अस्थाई टॉयलेट, मुख्य स्थल पर शंखनाद, मथुरा के घरों में शंखनाद आदि व्यवस्था करने पर मंथन किया गया। रेलवे जंक्शन, बीएसए कॉलेज, भूतेश्वर तिराहा, गोवर्धन चौराहा, पोतराकुंड, महाविद्या कॉलोनी डेंपीयन नगर, कृष्णापुरी तिराह, कलक्ट्रेट, टीएफसी वृंदावन, छटीकरा रोड, भरतपुर गेट चौराहा आदि स्थानों पर छोटे मंच बनाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। बैठक में उपाध्यक्ष उप्र. बृज तीर्थ विकास परिषद शैलजाकांत मिश्र ने रात 12.05 बजे तक मुख्य आयोजन स्थल, मंदिरों, घरों में सामूहिक शंखनाद, घंटा-, घड़ियालों की ध्वनि कराने का प्रस्ताव दिया। कार्यक्रम स्थल से कृष्ण जन्मस्थान तक के मार्गों को बृज की संस्कृति के अनुरूप सजाने का निर्णय लिया गया। मंडलायुक्त अनिल कुमार ने पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार, नगर आयुक्त रविद्र कुमार मांदड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बृजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सतीश कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक यातायात बृजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।