झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन 19 सूत्री मांगों को लेकर 9 मार्च से 11 मार्च 2022 तक काला बिल्ला लगायेंगे. पुलिसकर्मी काला बिल्ला लगाकर आंदोलन करते हुए अपनी ड्यूटी का निर्वहन करेंगे. इसको लेकर आरक्षी-हवलदार संवर्ग कर्मियों के बीच काला रिबन का वितरण किया गया है. झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन की 19 सूत्री मांगो में मुसहरी कमेटी के अनुरूप जवानों को आठ घंटे की ड्यूटी एवं साप्ताहिक रोस्टर छुट्टी दिए जाने, बलिदान देने वाले जवानों के आश्रितों को भूखंड देने की नीति बनाने व जीविकोपार्जन के लिए गैस एजेंसी तथा पेट्रोल पंप की पात्रता के लिए अनुशंसा करना, ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सिपाही व हवलदार को शहीद का दर्जा देने, ससमय पदोन्नति दिलाने, 20 दिनों की क्षतिपूर्ति अवकाश पूर्व की तरह बहाल करने, एसीपी, एमएसीपी से संबंधित आदेश में त्रुटि का निराकरण करने, सातवें वेतन के अनुरूप भत्तों को लागू करने, जवानों के बेहतर इलाज के लिए मेडिकल सुविधा की व्यवस्था की प्रक्रिया को सरल बनाने, उग्रवादी अभियान में लगे जवान की सुविधा बढ़ाए जाने सहित अन्य मांग शामिल हैं.

