रांची: झारखंड के अलग-अलग जिले से रविवार रात आठ बजे तक 19 कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है. इसमें सबसे अधिक 10 जमशेदपुर, तीन हजारीबाग, साहेबगंज में 2, धनबाद,रांची, लोहरदगा व रामगढ़ जिले में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई. इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 613 हो गयी है.
पूर्वी सिंहभूम जिले में 10 कोरोना संक्रमित व्यक्तियों की पहचान हुई है. संक्रमित लोगों में से 9 संस्थागत क्वारंटाइन में थे वहीं एक संक्रमित पूर्व में टाटा मोटर्स हॉस्पिटल में भर्ती थे. कोरोना संक्रमण होने की पहचान होने पर सभी संक्रमितों को टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है.
इधर,रांची स्थित रिम्स के लैब में भी 640 कोरोना संक्रमित मरीजों की रिपोर्ट आयी, इसमें चार मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी, जबकि शेष 636 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आयी. इससे पहले रांची में आईआईएम के एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है. युवक को संदिग्ध पाए जाने पर रांची के कोविड-19 वार्ड लाया गया.
हजारीबाग जिला में 3 नए कोरोना संक्रमित मिलने की पुष्टि हुई है. सिविल सर्जन डॉ संजय कुमार जायसवाल ने बताया गया कि संक्रमितों में से एक विष्णुगढ़ के गोविंदपुर का है, दूसरा पदमा प्रखंड के कुटीपीसी के नवादा का जबकि तीसरा नगर निगम क्षेत्र का रहनेवाला है. इसमें एक महिला भी शामिल है. दो संक्रमित हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में है, वहीं तीसरा विष्णुगढ़ के गोविन्दपुर क्वारन्टीन सेंटर में रह रहा है. तीनों को इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया जा रहा है. इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 71 हो गई है, इसमें से 20 पूरी तरह ठीक होकर घर भेजे जा चुके हैं. सक्रिय मामलों की संख्या 51 रह गई है. कल मिले तीनों संक्रमित बाहर से लौटे हैं.
लोहरदगा के एक कोरोना पॉजिटिव मरीज ने प्राइवेट लैब में अपनी जांच कराई थी, जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है. वहीं देर शाम साहेबगंज में दो और धनबाद में एक कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई.
झारखंड में कोरोना संक्रमित 613 मरीजों में से 256 स्वस्थ होकर घर लौट चुके है, जबकि 336 सक्रिय मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है. वहीं पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है. राज्य में अब तक 65 हजार से कोविड-19 जांच हो चुकी है, जिसमें सबसे अधिक 129 रांची जिले में मरीज मिले, लेकिन इनमें से 106 स्वस्थ हो चुके है और मात्र 21 सक्रिय है। इधर, पूर्वी सिंहभूम जिला भी शतक के नजदीक पहुंच चुका है.

