रांची: झारखंड सरकार ने लॉकडाउन में दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी श्रमिकों तक मदद पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री सहायता एप तैयार किया है, इस एप में अब तक 2.75 लाख निबंधित हो चुके है.
प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे ने बताया कि 2.75 लाख लोगों में से बुधवार शाम तक करीब 1.75 लाख प्रवासी श्रमिकों के खाते में एक-एक हजार रुपये ट्रांसफर कर दिये गये है, वहीं अन्य लोगों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से राशि भेजने के लिए प्रक्रिया पूरी की जा रही है. उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल को बारिश के कारण 24 घंटे तक यह एप काम नहीं कर रहा था, इस कारण निबंधन कराने की छूट 30 अप्रैल तक दी गयी. इसके बाद आगे की स्थिति पर विचार सरकार अगला कदम उठाएगी.
विनय कुमार चौबे ने बताया कि अब तक कोरोना कंट्रोल रूम में करीब 35 हजार फोन कॉल्स आये है. वहीं राज्य सरकार ने उपायुक्तों के माध्यम से भी सर्वे कर राज्य के बाहर फंसे प्रवासी श्रमिकों का आंकड़ा जुटाया गया है, इसके तहत करीब चार से सवा चार लाख प्रवासी श्रमिकों के दूसरे राज्यों में फंसे रहने की जानकारी मिली है.
गौरतलब है कि झारखंड सरकार की ओर से सभी प्रवासी श्रमिकों के बैंक खाते में एक-एक हजार रुपये ट्रांसफर करने का निर्णय लिया है, इसके लिए मुख्यमंत्री सहायता एप्प के माध्यम से लोगों को निबंधित किया जा रहा है. वहीं अब केंद्रीय गृहमंत्रालय द्वारा जारी नये गाइडलाइन के बाद प्रवासी श्रमिकों और छात्र-छात्राओं को वापस लाने को लेकर राज्य सरकार विस्तृत कार्य योजना बनाने में जुटी है.

