बिहार: बिहार के कटिहार जिले में दर्दनाक नाव हादसा हुआ है. इस दौरान नदी में दो नाव तेज धारा में डूब गई हैं. दोनों नावों पर कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से कुल 7 लापता हैं. इन सभी का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है. यह हादसा गंगा-कोसी के मिलन स्थल पर हुआ. प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह हादसा उस वक्त हुआ जब इलाके के किसान दियारा क्षेत्र से तरबूज लेकर नाव से आ रहे थे.
कुर्सेला थाना क्षेत्र के गुमटी टोला के पास हुई इस घटना के बारे में बताया जा रहा है तेज आंधी और बारिश के चलते यह हादसा हुआ है. ग्रामीणों के अनुसाल तो दो अलग-अलग नावों पर 15 लोग सवार थे, जिनमें से आठ लोग तैर कर किनारे तक पहुंचने में सफल रहे. जबकि नाव सवार सात लोग अब तक लापता है. गंगा दियारा क्षेत्र के स्थानीय लोग और प्रशासन लापता लोगों की खोजबीन में जुटे हुए हैं.
घटना के प्रत्यक्षदर्शी मोहम्द गुड्डू आलम ने बताया कि वो और उनके भाई ने मिलकर कुछ लोगों को बचाया है लेकिन अब तक कई लोग लापता हैं. लापता लोगों में शहर से जुड़े तरबूज बेचने वाले लोग भी शामिल हैं. वहीं स्थानीय बरारी विधायक नीरज यादव ने भी इस घटना पर अफसोस जताते हुए इस घटना से जिलाधिकारी को अवगत कराने की बात कही है. इस मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है.

