रांची. झारखंड में सिमडेगा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरू फूलवाटांगर गांव के निकट एनएच-143 पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. तेज गति से आ रहे अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे जा रही तीन बच्चियों को टक्कर मारने के बाद एक घर में जा घुसी. इस हादसे में दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गयी,जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खेरवार टोली कर रहने वाली 11वर्षीय दीपिका कुमारी और 10 वर्षीय ऋतु कुमारी अपनी एक सहेली लक्ष्मी के साथ महुआ चुनने के लिए सड़क किनारे जा रही थी. इस दौरान राउरकेला की ओर से सिमडेगा की तरफ आ रहे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दीपिका और ऋतु की मौत मौके पर ही हो गयी, जबकि लक्ष्मी की हालत भी गंभीर बतायी गयी है. सभी बच्चियां बीरू मध्य विद्यालय में पढ़ती थी.

