चतरा:- चतरा पुलिस ने जिले में सक्रिय अफीम तस्करों पर शिकंजा कसा है. एसपी ऋषभ झा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने आज सात किलो गीला अफीम के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्करों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापामारी अभियान के दौरान दोनों तस्करों की गिरफ्तारी चतरा-रांची मुख्य पथ एनएच 99 पर स्थित शहर के किशुनपुर ईलाके के न्यू पेट्रोल पम्प के समीप से हुई है.
दूसरी ओर सदर थाना में शनिवार की शाम आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार तस्करों के पास से पुलिस द्वारा सात ब्लास्टिक के पैकेट में अलग-अलग बंद सात किलो गिला अफीम के अलावे तस्करी में प्रयुक्त एक कंटेनर गाड़ी भी जप्त किया गया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर गाड़ी में छिपाकर अफीम के खेप को ले जाने की फिराक में जुटे थे. जिसकी सूचना मिलते हैं एसपी के निर्देश पर अभियान चलाया गया था. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर राजा प्रसाद उत्तर प्रदेश के बांदा व शैलेश यादव खुशीनगर जिले का रहने वाला है. एसडीपीओ ने बताया कि अफीम खरीद बिक्री में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस के इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है. छापेमारी टीम में थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक लव कुमार के अलावे प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर व सशस्त्र बल को शामिल किया गया था.

