सरायकेला/खरसांवा: नक्सलवाद के खिलाफ सरायकेला पुलिस को एक बार फिर से बड़ी कामयाबी मिली है जहां सरायकेला खरसावां पुलिस ने बीते 14 जून को तिरुलडीह थाना अंतर्गत कुकड़ू हॉट में हुए पांच- पांच पुलिसकर्मियों के नृशंस हत्याकांड मामले में खुलासा करते हुए मामले से जुड़े दो और नक्सलियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
आपको बता दें कि राज्य का अब तक का यह सबसे बड़ा नक्सली घटना माना जाता है जिसमें पांच- पांच पुलिसकर्मियों को नक्सलियों ने मौत के घाट उतार दिया था. वैसे इस मामले में अब तक कुल 11 नक्सली गिरफ्तार किए जा चुके हैं. वहीं शुक्रवार को पुलिस ने उक्त घटना कांड से जुड़े दो हार्डकोर नक्सलियों मंगल टोपनो उर्फ लालू और सोना सिंह सरदार उर्फ मोटू को गिरफ्तार किया है. जानकारी देते हुए जिले के एसपी कार्तिक एस ने बताया कि दोनों ही नक्सलियों ने सबसे पहले महाराज प्रमाणिक के साथ मिलकर पुलिस गश्ती दल पर धावा बोला था और उस हत्याकांड को अंजाम दिया था.
14 जून को गश्ती के दौरान तिरूल्डीह थाना अंतर्गत कुकड़ू हाट बाजार में धोखे से नक्सलियों ने पांच- पांच पुलिसकर्मियों की हत्या कर हथियार लूट लिया था. वहीं जिले के एसपी ने बताया की पुलिस की सक्रियता से लगातार जिले में नक्सली कमजोर हो रहे हैं साथ ही उन्होंने कहा कि आगे भी नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान जारी रहेगा. हालांकि उक्त हत्याकांड में लूटे गए हथियार अब तक बरामद नहीं किया जा सके हैं. वहीं गिरफ्तार नक्सलियों के पास से 20 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए जाने का दावा जिले के एसपी ने किया है.

