रांची: पुलिस महानिदेशक एमवी राव ने रमजान के महीने में सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखने का निर्देश दिया है.
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान 20 अप्रैल से दी गयी छूट के दौरान सोशल डिस्टेसिंग का उल्लंघन रोकने तथा 24 या 25अप्रैल से प्रारंभ होने वाले पवित्र पर्व रमजान के दौरान सामाजिक दूरी और विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए अधिकारी तमाम एहतियाती कदम उठाये.
डीजीपी ने पुलिस द्वारा चलाये जा रहे सामुदायिक रसोई की सफलता के लिए सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के योगदान की सराहना की. उन्होंने सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संबंधित मुस्लिम समुदाय के गणमान्य लोगों के साथ समन्वय स्थापित करें ताकि वे रमजान के महीने में भी कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर सामाजिक दूरी के निर्देश का पालन करते हुए आलेमाये-दीन, विशेष कर-ईमारते शरिया (बिहार, झारखण्ड, ओडिशा) के द्वारा रमजान माह में नमाज, रोजा, तरावीह एवं अन्य इबादतों से सम्बद्ध अपील का एहतराम करें.

