उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के लिए शुक्रवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार खत्म हो गया. प्रदेश के 59 विधानसभा सीटों पर 20 फरवरी को वोटिंग होनी है. तीसरे चरण के चुनाव में अखिलेश यादव करहल सीट से मैदान में है. उन्होंने कहा कि . ये बीजेपी के नेता जो राज कर रहे हैं, इनके कोई परिवार नहीं है. एक परिवारवाला ही समझता है कि महंगाई क्या है.” यूपी के तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरय्या, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा जिलों में चुनाव होगा.
सीएम योगी और अखिलेश यादव ने लगाया ज़ोर
शुक्रवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन उत्तर प्रदेश और पंजाब में राजनीतिक पार्टियों ने सारी ताक झोंक दी. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानपुर, मैनपुरी, करहल और उन्नाव में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कानपुर में दावा किया, “2017 से पहले हर तीसरे दिन उत्तर प्रदेश में एक दंगा होता था. 5 साल में 700 से अधिक दंगे हुए और सैकड़ों नागरिक मारे गए. प्रदेश में महीनों-महीनों कर्फ्यू रहता था लेकिन हमारी सरकार के दौरान प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ.” शुक्रवार को जेपी नड्डा ने राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण स्थल का दौरा भी किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखनऊ में एक रैली को संबोधित किया.
तीसरे चरण के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस ने भी पूरा ज़ोर लगाया. ‘कांग्रेस प्रतिज्ञा वर्चुअल महारैली’ में प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोगों को संबोधित किया. उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी UP में बोल रहे थे कि हजारों लखपति बन गए हैं. जबकि जो लखपति था, वह भी गरीब होने लगा है. बीजेपी की राजनीति बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं.”
बता दे कि यूपी में चौथे चरण का चुनाव 23 फरवरी को, पांचवे चरण का चुनाव 27 फरवरी कोछठे चरण का चुनाव 3 मार्च और सातवां चरण का चुनाव 7 मार्च को होना है. 10 मार्च के यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजों का एलान कर दिया जाएगा.

