रांची: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने आज कांग्रेस भवन में संवाददाताओं के साथ बातचीत की. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे उपस्थित थे. डॉ. उरांव ने कहा कि सरकार पहले से 2 महीने का राशन कार्ड धारियों को दे रही है. साथ ही साथ जिन्होंने कार्ड के लिए आवेदन दिया है उनको भी चिन्हित कर राशन उपलब्ध कराया जा रहा है.
आज के दिन सरकार ने यह निर्णय किया है कि गरीबों, मजदूरों और असहायों के लिए हर जिले में 2,000 पैकेट आपातकाल के लिए सरकार तैयार रखेगी. हर पैकेट में 2 किलो चूड़ा, आधा किलो गुड़, आधा किलो चना गरीबों के लिए रखे रहेंगे. जबकि राजधानी रांची में गरीबों के लिए 5,000 पैकेट इस प्रकार का तैयार रहेगा. भारत सरकार द्वारा 1 किलो दाल का प्रावधान है जिसे राज्य सरकार उनसे बात कर राज्य की जनता को मुहैया कराएंगे. पहले राज्य सरकार 1 किलो नमक देती थी, अब हम 2 किलो नमक देंगें.
Also Read This: दिहाड़ी मजदूरों के लिए भोजन व स्वास्थ्य की सुविधा
अभी तक राज्य में 377 मुख्यमंत्री दाल भात योजना पूरे राज्य में चलाई जा रही थी. हमने हमारी सरकार ने 360 अतिरिक्त दाल भात योजना केंद्र पूरे राज्य में खोलने का निर्णय किया है. पुलिस महानिर्देशक के अनुरोध पर सभी थाना में दाल भात किराना दुकान खोलने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस महानिर्देशक को स्वीकृति दी है.
600 थाना में दाल-भात केन्द्र गरीबों के लिए खोले जायेंगे. लगातार आटा की कमी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सभी एफसीआई को कहा है कि गेहूं आटा चक्की मिल को अपने दर पर मुहैया करें ताकि हम तुरंत सभी दुकानदारों को आटा उपलब्ध करा सकेंगे. आटा की कालाबाजारी को रोकने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं और आटा दुकानदारों के माध्यम से आमजनों तक पहुंचाने में हर लोगों को मदद किया जा सके.
चीजों को व्यवस्थित करने के लिए सरकार फ्लाइंग स्क्वायड का गठन कर रही है. हर जिले में एक और प्रखंड में दो फ्लाइंग स्क्वाड बनाए जाएंगे. 310 फ्लाइंग स्क्वाड होंगे जो आम जनता तक योजनाओं को पहुंचाने की निगरानी रखेंगे.
Also Read This: सामुदायिक रसोई के माध्यम से बाहरी आगंतुकों को भोजन उपलब्ध कराएं: DGP
उन्होंने कहा कि जो किसान सब्जी उगा रहे हैं उन्हें काफी दिक्कत हो रही है सभी उपायुक्तों से हमने बात किया है कि सभी गांव में ट्रक जाएं और सब्जियों का उठाओ और आम जनता तक पहुंच सके ताकि किसानों को भी राहत मिल सके और आमलोगों को भी सब्जी उपलब्ध हो सके. एक और समस्या जो लगातार सुनने को मिल रही थी कि मवेशियों के लिए चारा का परेशानी है इसलिए हमने बिहार सरकार से बात की है और वहां से चारा मंगा रहे हैं ताकि कहीं भी मवेशियों को चारा की कमी न हो. राज्य की सरकार गरीबों में एक भी जनों को कोई दिक्कत ना हो इसके लिए हेल्पलाइन नंबर से संपर्क कर सकते हैं ताकि हम उनकी परेशानी दूर कर सकें. संकट का कुछ लोग इस वक्त फायदा उठाना चाहते हैं लेकिन सरकार इस पर कड़ी नजर रखे हुए हैं हम चीजों की कमी नहीं होने देंगें.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने यह भी कहा है कि हम अपने सभी विधायकों को अपने क्षेत्र में खुलकर दान और सहयोग करने के लिए निवेदन कर रहे हैं रोजगारों के लिए अलग से मदद करेंगे. इस बाबत सभी विधायकों को पत्र भी लिखा गया है.
एक प्रश्न के जवाब में गैस सिलेंडर के डीलरों से निवेदन किया गया है कि होम डिलिवरी की मुकम्मल इन्तजाम करें.
रामेश्वर उरांव ने विधायक फंड से 25 लाख आवंटित किये
डॉ. रामेश्वर उरांव ने अपने विधायक फंड से 25 लाख रुपए कोरोना से प्रभावित, लॉक डाउन में विधि व्यवस्था व समस्या को दूर करने के लिए राशि का उचित उपयोग के वास्ते उपायुक्त को राशि उपलब्ध कराई. साथ ही हर जरूरतमंद व्यक्ति के पास राशन उपलब्ध कराने का निर्देश देते हुए लॉक डाउन का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध जिले के प्रबुद्ध नागरिकों ,सामाजिक संगठनों एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं से किया खुद घर से बाहर ना निकले और लोगों को भी घर से बाहर ना निकलने का संदेश दे. उन्होंने कहा कि सरकार आपके घर तक आपके हर जरूरत का सामान पहुंचाने के लिए प्रयासरत है इस संकट की घड़ी में हर नागरिक दूसरी नागरिक से दूरी बनाए रखें यही बचाव का मूल मंत्र है.

