उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के झांसी में 19 मार्च को ऋषिकेश से ओडिशा जा रही 2 नन और 2 छात्राओं को रेलवे स्टेशन पर उतारने और उनसे घंटों पूछताछ करने के मामले में कार्रवाई हुई है.
मामले में हिंदूवादी संगठन के 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. दरअसल, इन नन के खिलाफ हिंदूवादी संगठनों के सदस्यों ने शिकायत की थी, जिसके बाद चारों को जीआरपी ने ट्रेन से उतारकर घंटों पूछताछ की थी.
ननों को जबरन ट्रेन से उतारने का मामला तब और तूल पकड़ गया था, जब मामले की लिखित शिकायत केरल के मुख्यमंत्री ने देश के गृहमंत्री अमित शाह से करके पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई करने की अपील थी.
गृह मंत्री ने पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था. इसी के तहत कल शहर कोतवाली, नवाबाद थाने की पुलिस के साथ सीओ सिटी, एसओजी की टीम ने मध्य प्रदेश से मामले के 2 आरोपियों को पकड़ लिया. इसके बाद झांसी पुलिस ने दोनों को जीआरपी के सुपुर्द किया.
जीआरपी ने हिंदूवादी नेता और राष्ट्रभक्त संगठन के अध्यक्ष अंचल अडजरिया समेत एक अन्य आरोपी पुरुकेश अमरया को हिरासत में ले लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है.

