मनाली, 21 जून : भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित बर्फ की चादर से ढके रोहतांग दर्रे पर एक योग सत्र में भाग लिया। अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की।
महिलाओं सहित अर्धसैनिक बल के जवानों ने तड़के शून्य से दस डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के बीच योगासन किए।
यह दर्रा पीर पंजाल रेंज में स्थित है और यहां से करीब 51 किलोमीटर दूर है। इसे छह महीने के बाद 1 जून को पर्यटकों के लिए दोबारा खोल दिया गया।
Also Read This:- एमसीएक्स पर सर्वाधिक उंचाई के करीब सोने का भाव
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हिमाचल के हर जिला मुख्यालय में आज लाखों लोगों ने योग किया। शिमला के रिज मैदान, मनाली और धर्मशाला समेत सभी बड़े शहरों में योग दिवस का आयोजन किया गया।
धर्मशाला में शिमला जिले के ननखड़ी की शिक्षिका सीता ने करीब डेढ़ घंटे तक जानू शीर्षासन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया। आईटीबीपी द्वितीय वाहिनी के जवानों का एक दल योग के लिए बीते दिन ही रोहतांग रवाना हो गया था।
जवानों ने रोहतांग में कड़ाके की ठंड के बीच सुबह छह बजे ही योग की कई क्रियाओं का अभ्यास कर दुनिया को योग का संदेश दिया। आईटीबीपी बबेली के सहायक सेनानी रवि शर्मा ने योग सिखाया।
कमांडेंट कुशल कुमार ने कहा कि केंद्रीय आयुष मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशानुसार आईटीबीपी जवानों ने रोहतांग के साथ बबेली में ब्यास नदी के किनारे योगाभ्यास किया। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के काजा में भी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।