योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को शाम साढ़े चार बजे लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ से पहले यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधायक रमापति शास्त्री को नया प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है. योगी आदित्यनाथ के साथ 45 और विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर एयरपोर्ट से स्टेडियम तक बड़ी तैयारियां की जा रही हैं. सूत्रों के अनुसार स्टेडियम में करीब 70 हजार से एक लाख लोग तक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं.
यूपी में योगी सरकार का यह दूसरा कार्यकाल होगा. समारोह की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अनुराग ठाकुर, डा. महेंद्रनाथ पांडेय सहित यूपी कोटे के तमाम मंत्री शामिल होंगे. कई शंकराचार्य और प्रमुख उद्योगपति भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे.

