रांची: कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव, संदिग्धों की पहचान और संक्रमित लोगों के इलाज के लिए सरकार की ओर से की गयी व्यवस्था कारगर साबित हो रही है. जिसके कारण राज्य में अब तक 115 कोरोना संक्रमितों में से 27 स्वस्थ होकर घर लौट चुके है और कई अन्य के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है. राज्य में अब तक 12, 393 कोरोना संदिग्धों की जांच की जा चुकी है, इनमें से 12,278 की रिपोर्ट निगेटिव आयी है.
राजधानी रांची में अब तक कुल 83 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं. इनमें से दो की मौत हो चुकी है. हालांकि कोरोना की जंग जीतने में रांची जिला प्रशासन ही अव्वल है, यहां अब तक 13 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं. रविवार को भी रांची जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद तीन लोगों को छुट्टी दे दी गयी. इनमें दो हिंदपीढ़ी और एक बेड़ों के रहने वाले है. वहीं देवघर के भी कोरोना संक्रमित दो मरीजों को छुट्टी दी गयी.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रविवार का दिन राज्यवासियों के लिए राहत भरा है. कल जांच में कोई भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं पाया गया. मुख्यमंत्री ने सभी से अपील की कि सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पूरा पालन करें और अपने घरों से बिना मास्क पहने बाहर नहीं निकलें.

