कम्बोडिया: दक्षिणी कम्बोडिया में एक इमारत के ढहने के बाद लगातार तीसरे दिन भी घायलों और मृतकों की तलाश जारी है, वहीं रविवार की सुबह मरने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गई. सैकड़ों सैनिक रातभर मशीनों की मदद से घटनास्थल से मलबा हटाने के काम में जुटे रहे. तटीय केप प्रांत में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन सात मंजिला इमारत ढ़ह गयी थी.
अधिकारियों ने शुरू में 30 कर्मियों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई थी. लेकिन प्रांत के प्रवक्ता रोस उडोंग ने बताया कि घायलों एवं मृतकों की संख्या अनुमान से अधिक है क्योंकि रविवार तड़के और अधिक शव बरामद हुए.
उडोंग ने बताया कि 29 मृतकों के अलावा 23 घायलों को भी बचाया गया. उन्होंने पत्रकारों से कहा कि ठेकेदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि इमारत के मालिक को हिरासत में ले लिया गया है.
बचाव कार्य करीब 40 घंटे तक चला. कई सैनिकों और मजदूरों ने मशीन की मदद से मलबे को हटाया. कोसल नामक एक मजदूर ने शनिवार को कहा कि जब इमारत ढही तब वह, उसकी पत्नी एवं दो अन्य महिलाएं भोजन कर रहे थे. उनके दो अन्य साथी भी इसकी चपेट में आ गए.

